रायपुर : राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत छपोरा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को गांव के बाहर खेत में फेंक दिया। हैरानी की बात यह है कि पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाने की भी कोशिश की गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
खेत में मिला जला हुआ शव, ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर एक जले हुए शव पर पड़ी। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद तुरंत विधानसभा थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर शव को अपने कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
शव की पहचान नहीं, उम्र 30 से 32 वर्ष आंकी गई
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव बुरी तरह झुलसा होने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
कहीं और हत्या, खेत में लाकर जलाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को छपोरा गांव के बाहर खेत में लाकर जलाने की कोशिश की गई। पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों की कड़ी जोड़ी जा रही है।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और पूरी वारदात की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा कर रही है।











