M.P News : राजस्व बढ़ाने की कवायद तेज, भोपाल की 6 विधानसभाओं के लिए 5 प्रभारी राजस्व अधिकारी नियुक्त

Rahul Goshwami
भोपाल की 6 विधानसभाओं के लिए 5 प्रभारी राजस्व अधिकारी नियुक्त

भोपाल : नगर निगम भोपाल ने राजस्व वसूली को गति देने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। निगम प्रशासन ने विधानसभा क्षेत्रवार प्रभारी राजस्व अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए आदेश जारी किए हैं। यह आदेश अपर आयुक्त द्वारा जारी किए गए हैं, जिनका उद्देश्य संपत्ति कर सहित अन्य राजस्व मदों की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करना है।

छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए पांच अधिकारियों को जिम्मेदारी
निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भोपाल की छह विधानसभा क्षेत्रों में राजस्व वसूली की जिम्मेदारी पांच वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जोनल अधिकारियों और जोन में पदस्थ कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लक्ष्य आधारित वसूली करेंगे।

Read More : M.P Crime : इंदौर-जबलपुर ट्रेन में रात 2:30 बजे पकड़ा गया मोबाइल चोर, साथी ने चुराया मंगलसूत्र, जांच में जुटी रेलवे पुलिस

किसे किस विधानसभा की जिम्मेदारी
निगम आदेश के मुताबिक, विशालराज रामकर, जोनल अधिकारी जोन क्रमांक-10 को नरेला विधानसभा का प्रभारी राजस्व अधिकारी बनाया गया है। वहीं अर्जुन मेघानी को मध्य एवं गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा मुजाहिद सिद्दीकी को गोविंदपुरा ट्रांसफर स्टेशन से स्थानांतरित कर उत्तर विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। इंद्र कुमार जैन को भदभदा ट्रांसफर स्टेशन से हटाकर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा, जबकि मोहित नागर को मुख्यालय की होर्डिंग शाखा से स्थानांतरित कर हुजूर विधानसभा की जिम्मेदारी दी गई है।

जोन स्तर पर होगा समन्वय और निगरानी
प्रभारी राजस्व अधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जोनल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ नियमित समन्वय कर वसूली की प्रगति की समीक्षा करेंगे। निगम प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से राजस्व संग्रहण में पारदर्शिता और गति दोनों आएगी।

संपत्ति कर मामलों के निराकरण को भी मिली ताकत
निगम आयुक्त ने एक अन्य आदेश में संपत्ति कर प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अधिकार प्रदान किए हैं। इससे लंबित मामलों के शीघ्र समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।

विभागीय दायित्वों में भी किया गया बदलाव
एक अन्य आदेश के तहत सहायक आयुक्त कीर्ति चौहान को स्वास्थ्य विभाग से मुक्त करते हुए राजस्व एवं संपत्ति कर विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। हालांकि, उनके अन्य दायित्व पूर्ववत रहेंगे।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *