CG NEWS : दुर्ग। रजिस्ट्री दर बढ़ाए जाने के विरोध में प्रदेश के कई जिलों में आज विरोध-प्रदर्शन हुए। इसी बीच दुर्ग जिले में बड़ा हंगामा तब हुआ, जब पटेल चौक के पास रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर विरोध कर रहे जमीन दलालों और रियल एस्टेट कारोबारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के काफिले को रोक लिया।
CG NEWS : इस दौरान प्रदर्शनकारियों और भाजपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मामला तब और बिगड़ गया जब भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह और अन्य भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शनकारियों से भिड़ गए। मौके पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।
CG NEWS : हंगामा बढ़ने पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और सड़क खाली कराते हुए काफिले को आगे बढ़ाया। घटना दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास हुई।
CG NEWS : जानकारी के मुताबिक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव सांसद विजय बघेल के पुत्र के विवाह की संगीत संध्या में शामिल होने पहुंचे थे। इसके बाद वे राइस मिल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल बोथरा के दुर्ग स्थित निवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहे थे। इसी दौरान पटेल चौक पर प्रदर्शन कर अपनी मांगें कलेक्टर को सौंपकर लौट रहे कारोबारियों का काफिले से सामना हो गया और हंगामा हो गया।
CG NEWS : वहीं, इस मामले पर भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन का कहना है कि भूमि रजिस्ट्री दर से जुड़ी मांगों को लेकर कुछ लोग दुर्ग में मौजूद थे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को रोकने की कोशिश की, लेकिन समझाइश के बाद वे हट गए। उनके अनुसार, झूमाझटकी जैसी कोई स्थिति नहीं बनी।











