Gold Price Today: नई दिल्ली: अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के विकल्प सोने और चांदी की मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में सोमवार को सोने की कीमतों में 1,950 रुपये की तेजी दर्ज की गई, जिससे 10 ग्राम सोने का भाव 1,27,950 रुपये के नए सर्वकालिक उच्चस्तर तक पहुंच गया।
Gold Price Today: अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्ध सोना शुक्रवार को 1,26,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो सोमवार को 1,27,950 रुपये हो गया। वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 1,27,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो पिछले सत्र में 1,25,400 रुपये था।
Gold Price Today: एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी उपाध्यक्ष जतिन त्रिवेदी ने बताया कि अमेरिका-चीन के बीच व्यापार तनाव फिर से बढ़ रहा है, जिससे निवेशक जोखिम भरे बाजारों से हटकर सोने जैसे सुरक्षित निवेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा 100 प्रतिशत टैरिफ बढ़ाने की घोषणा और चीन की दुर्लभ मृदा खनिजों पर निर्यात प्रतिबंध की धमकी ने वैश्विक अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है।
Gold Price Today: इस कारण अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने की कीमतें करीब 2 प्रतिशत बढ़कर 4,084.99 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल आया है। सर्राफा संघ के अनुसार, दिल्ली के हाजिर बाजार में चांदी की कीमत सोमवार को 7,500 रुपये बढ़कर 1,79,000 रुपये प्रति किलोग्राम के इतिहासिक स्तर पर पहुंच गई। शुक्रवार को यह कीमत 1,71,500 रुपये थी।
Gold Price Today: एचडीएफसी सिक्योरिटीज के विश्लेषक दिलीप परमार ने बताया कि इस तेजी के पीछे केवल भू-राजनीतिक तनाव ही नहीं, बल्कि त्योहारी मांग, आपूर्ति सीमाएं और नकदी की कमी भी हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने का निरंतर संचय भी कीमतों को मजबूती दे रहा है।
Gold Price Today: अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर चांदी की कीमत भी करीब 3 प्रतिशत बढ़कर 51.74 डॉलर प्रति औंस के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। यह उछाल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक नवंबर से कुछ चीनी वस्तुओं पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने के ऐलान और चीन की ओर से दुर्लभ खनिजों पर निर्यात नियंत्रण की चेतावनी के बाद आया है, जिससे वैश्विक निवेशकों में चिंता बढ़ी और कीमती धातुओं की मांग में तेजी आई है।











