MP News : देबजीत देब/जबलपुर। शहर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में सामने आए एक सड़क दुर्घटना मामले ने मंगलवार को तब नया मोड़ ले लिया जब पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि यह महज एक एक्सीडेंट नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी। पुलिस के मुताबिक, छोटे भाई ने ही अपने सगे बड़े भाई की निर्मम हत्या की साजिश रची थी।
पारिवारिक रंजिश बना खून की वजह
पुलिस ने बताया कि मृतक अभिषेक राजपूत की हत्या उसके छोटे भाई ऋषभ राजपूत ने की। शुरू में इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन जब भेड़ाघाट पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की, तो पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
ऋषभ और उसके तीन साथियों ने मिलकर पहले कार से बाइक पर जा रहे अभिषेक को टक्कर मारी। जब अभिषेक सड़क पर गिरा, तब ऋषभ ने कार में रखे जैक से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गए।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक की तलाश जारी है। एडिशनल एसपी अंजना तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि मृतक और आरोपी दोनों पर विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और ये दोनों पुराने बदमाश थे।
पुलिस जुटी सबूतों को पुख्ता करने में
पुलिस अब इस केस में तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स की मदद से जांच को और पुख्ता कर रही है। फरार आरोपी को जल्द पकड़ने का दावा भी किया गया है।











