बिलासपुर। Bilaspur News : अरपा नदी में फिर गूंजी चीखें… सरकंडा थाना क्षेत्र के छटघाट पुल पर बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राहगीरों ने एक युवती को नदी में छलांग लगाते देखा। यह घटना होते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी तो कुछ लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन युवती पानी में लापता हो गई।
Bilaspur News : घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। घंटों सर्चिंग के बावजूद युवती का सुराग नहीं मिल पाया है। फिलहाल उसकी पहचान भी अज्ञात बनी हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि युवती कौन थी और उसने यह कदम क्यों उठाया।
हालांकि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामला और भी पेचिदा हो गया है। पुलिस को शक है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है, लेकिन अन्य कोणों पर भी जांच की जा रही है।
फिलहाल नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है और पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी इस युवती के बारे में जानकारी रखता है तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करे।











