CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान साफ रहने और धूप तेज रहने की संभावना जताई गई है। उपलब्ध पूर्वानुमान के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। रविवार की तुलना में दिन के तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। ऐसे में दोपहर के समय गर्मी अधिक महसूस हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में कहां कितना रहा तापमान?
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहा, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रविवार को अन्य शहरों के तापमान की बात करें तो दुर्ग में 33.4 डिग्री, जगदलपुर में 33.2 डिग्री, माना में 32.9 डिग्री और बिलासपुर में 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश, बिजली और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बादल गरजने, बिजली चमकने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
क्या है मौसम में बदलाव की वजह?
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है। अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।


