Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Bus Rescue: मौत के मुंह से बची 70 जिंदगियां! तेज बहाव...

Raipur Bus Rescue: मौत के मुंह से बची 70 जिंदगियां! तेज बहाव में फंसी यात्री बस, पुलिस ने खिड़की से निकाला बाहर

Raipur Bus Rescue: रायपुर। राजधानी रायपुर के पास सारागांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोल्हान नाले के तेज बहाव में यात्रियों से भरी एक बस फंस गई। बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी और उसमें करीब 70 यात्री सवार थे। मौके पर पहले से तैनात पुलिस टीम की सतर्कता और ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

तेज बहाव के बावजूद आगे बढ़ती रही बस

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के कोल्हान नाले का है। शनिवार को लगातार बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिए मौके पर टीम तैनात की थी। पुलिसकर्मी नाले में पानी की स्थिति को देखते हुए वाहनों को आगे जाने से रोक रहे थे।

इसी दौरान रायपुर से बलौदाबाजार की ओर जा रही जय अंबे बस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद बस चालक ने वाहन को आगे बढ़ा दिया। बस में सवार यात्रियों ने भी पानी के तेज बहाव को देखकर चालक से आगे नहीं जाने की अपील की, लेकिन चालक बस को आगे ले जाता रहा।

Read More: Bastar Flood News: बस्तर में बाढ़ से हाहाकार, IAF के Mi-17 हेलीकॉप्टर से भी रेस्क्यू, 817 लोगों को सुरक्षित निकाला

ट्रकों को साइड देते समय फंसी बस

बताया जा रहा है कि नाले के दूसरी तरफ से ट्रकों की आवाजाही हो रही थी। उन्हें रास्ता देने के लिए बस को साइड करना पड़ा। इसी दौरान बस तेज बहाव की चपेट में आकर पानी के बीच फंस गई।

बस के फंसते ही अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण यात्रियों को अपनी जान का डर सताने लगा। स्थिति बिगड़ती देख कुछ यात्रियों ने घबराकर बस की खिड़की से बाहर निकलने की तैयारी भी कर ली थी।

पुलिस और ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू

बस के नाले में फंसने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल सक्रिय हो गए। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से बस के पास पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।तेज बहाव के बीच यात्रियों को बस की दाईं ओर की खिड़कियों से बाहर निकाला गया। एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिसकर्मियों का सहयोग किया।कड़ी मशक्कत के बाद बस में सवार सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में बस को भी पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया गया।

चालक हिरासत में, जांच जारी

घटना के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि मौके पर मौजूद पुलिस की चेतावनी और यात्रियों के मना करने के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया।इसके अलावा बस के परमिट, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई है।

Read More: CG News: रायपुर जिला अस्पताल में इलाज या बड़ी लापरवाही? गर्भवती महिला को ड्रिप लगाते दिखा गार्ड

सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मुताबिक, कोल्हान नाले में पानी का बहाव बढ़ा हुआ था और मौके पर पुलिस टीम वाहनों को आगे जाने से रोक रही थी। इसके बावजूद यात्री बस आगे बढ़ गई। ट्रकों को साइड देने के दौरान बस पानी के तेज बहाव में फंस गई।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस में सवार यात्रियों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला। सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया और बस को भी बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल चालक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here