Airtel vs Jio: मोबाइल नंबर पोर्ट कराने वालों के लिए क्यों बढ़ी मुश्किल? जियो-एयरटेल ने……

Sanjay Sahu
Airtel vs Jio

Airtel vs Jio: नई दिल्ली। भारती एयरटेल और रिलायंस जियो ने वोडाफोन आइडिया (Vi) पर मोबाइल ग्राहकों को अपने नेटवर्क में लाने के लिए कथित तौर पर अनुचित तरीकों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। दोनों कंपनियों ने इस मामले में भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) से शिकायत कर जांच की मांग की है।

TRAI से की गई जांच की मांग

मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों में एयरटेल और जियो ने TRAI के साथ कई दौर की बातचीत और आधिकारिक संवाद किए हैं। दोनों कंपनियों ने Vi पर मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (MNP) के जरिए ग्राहक हासिल करने के लिए नियमों के खिलाफ तरीके अपनाने का आरोप लगाया है। कंपनियों का दावा है कि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में नियामक को कुछ सबूत भी दिए हैं।

ग्राहकों को कथित तौर पर किए जा रहे फोन

आरोप है कि कुछ ग्राहकों को ऐसे लोग फोन कर रहे हैं, जो खुद को दूसरी टेलीकॉम कंपनियों का कर्मचारी बताते हैं। इन कॉल में ग्राहकों को टैरिफ में संभावित बढ़ोतरी और मौजूदा प्लान में बदलाव की जानकारी दी जाती है।

इसके बाद कथित तौर पर Vi के कर्मचारी उन्हीं ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें अपना नेटवर्क अपनाने के लिए मनाने की कोशिश करते हैं। एयरटेल और जियो का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां TRAI के 2021 के निर्देशों के खिलाफ हो सकती हैं।

UPC को लेकर भी आरोप

दोनों कंपनियों ने Vi पर कुछ सर्किल में उन SMS को रोकने का भी आरोप लगाया है, जो मोबाइल नंबर पोर्ट करने के लिए यूनिक पोर्टिंग कोड (UPC) हासिल करने के लिए 1900 नंबर पर भेजे जाते हैं।

आरोप के मुताबिक, नेटवर्क बदलने की कोशिश कर रहे कुछ Vi ग्राहकों को कस्टमर केयर से संपर्क करने या स्टोर पर जाने के लिए कहा गया। कुछ समय बाद कथित तौर पर SMS की यह पाबंदी हटाई गई।

रियायती पोस्टपेड प्लान को लेकर भी शिकायत

एयरटेल और जियो ने आरोप लगाया है कि Vi MNP के जरिए अपने नेटवर्क में आने वाले ग्राहकों के लिए रियायती पोस्टपेड प्लान का प्रचार कर रही है। कंपनियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से ग्राहकों की पसंद और बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है।

Vi ने आरोपों से किया इनकार

Airtel vs Jio: वोडाफोन आइडिया ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि कंपनी ऐसा कोई काम नहीं कर रही जिससे मौजूदा नियमों या कानूनों का उल्लंघन हो। Vi के प्रवक्ता के मुताबिक, कंपनी निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा, अपने उत्पादों और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में विश्वास रखती है। कंपनी ने कहा कि वह हमेशा कानून के मुताबिक अपना कारोबार करती है। फिलहाल TRAI की ओर से इस मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। एयरटेल, जियो और TRAI से भेजे गए सवालों का जवाब खबर लिखे जाने तक नहीं मिला था।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *