मुंबई। Nishaanebaz.com-Bigg Boss 20 Casting Controversy: टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में कंटेस्टेंट्स के चयन और प्रदर्शन को लेकर चल रही आलोचनाओं पर होस्ट सलमान खान का बड़ा बयान सामने आया है। ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड के दौरान सलमान खान ने दर्शकों और सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों पर संजीदगी दिखाते हुए स्पष्ट तौर पर स्वीकार किया कि इस सीजन में मेकर्स से कंटेस्टेंट्स के चुनाव में कुछ चूक हुई है। सलमान ने साफ शब्दों में कहा कि टीम को लगता है कि सदस्यों को सोच-समझकर चुना गया है, लेकिन कभी-कभी आकलन में गलती हो जाती है।
शो में बहुत कम नजर आ रहे सदस्यों की दलीलों को खारिज करते हुए सलमान ने कहा कि घर के कुछ लोग कम स्क्रीन टाइम का बहाना बना रहे हैं। असलियत यह है कि वे जो कर या कह रहे हैं, वह इतना असरदार ही नहीं है कि उसे एपिसोड में जगह दी जा सके। इसी क्रम में उन्होंने अमन गांधी को सीधे तौर पर समझाते हुए कहा कि यदि उन्हें शो में मुख्य किरदार की तरह उभरना है, तो अपनी मौजूदगी दर्ज करानी होगी। सिर्फ कुछ देर दिखकर दूसरों पर दोष मढ़ना गलत तरीका है।
सलमान खान ने उदिती सिंह को भी उनके रवैये पर टोकते हुए स्पष्ट किया कि उन्हें सिर्फ चेहरे की सुंदरता के आधार पर घर में नहीं लाया गया है। ऑडिशन के दौरान उनकी पर्सनैलिटी ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था, इसलिए उन्हें यह अवसर मिला है। इसके अलावा सलमान ने रोहेद खान और रीति तिवारी को भी उनके ढीले प्रदर्शन के लिए आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि शो में आने वाला हर व्यक्ति पहले से बड़ा स्टार नहीं होता, यह मंच किसी की भी पहचान बदलने और नई स्टारडम हासिल करने का जरिया बन सकता है।
Read More : Ujjain Khade Hanuman Temple: खड़े हनुमान के लिए साध्वी हर्षानंद का सद्बुद्धि यज्ञ, अनशन की दी चेतावनी
नेशनल टीवी के माध्यम से कास्टिंग प्रक्रिया का ब्योरा देते हुए सलमान ने बताया कि बिग बॉस की टीम करीब 8 महीनों की कड़ी मेहनत के बाद हजारों लोगों के इंटरव्यू करती है। इसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों से 16 कंटेस्टेंट्स का अंतिम चयन किया जाता है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में कास्टिंग पर सवाल उठे थे, लेकिन हफ्ते भर के भीतर कुछ सदस्यों ने अपनी नकारात्मक छवि को बदला है। उन्होंने अंत में सभी कंटेस्टेंट्स को सलाह दी कि वे केवल सही मौके का इंतजार न करें, बल्कि सामने आने वाले हर अवसर का फायदा उठाकर अपनी असली पर्सनैलिटी दुनिया के सामने लाएं।






[…] […]