Raipur Crime: जन्माष्टमी पर शराब बेचते कांग्रेस नेता गिरफ्तार, प्लैटिनम बार से हो रही थी बिक्री; लाइसेंस रद्द करने की होगी सिफारिश

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद शराब बेचने के आरोप में मौदहापारा पुलिस ने प्लैटिनम बार के संचालक और कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1150 रुपए कीमत की शराब की बोतल और बिक्री से मिले 2300 रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद शराब और नकदी की कुल कीमत 3450 रुपए बताई गई है।

रात 10:30 बजे पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर रायपुर जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बार की गतिविधियों पर नजर रखी। रात करीब 10:30 बजे घेराबंदी कर पुलिस ने शराब बिक्री करते हुए बार संचालक पलाश मल्होत्रा को पकड़ लिया।

शराब की बोतल और 2300 रुपए कैश बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल मिली, जिसकी कीमत 1150 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 2300 रुपए नकद भी बरामद किए गए।

पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष रह चुका है पलाश

पुलिस के अनुसार, पलाश मल्होत्रा पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रह चुका है। वर्तमान में वह प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस पद का प्रत्याशी बताया जा रहा है। शुष्क दिवस पर शराब बिक्री के आरोप में उसकी गिरफ्तारी के बाद मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।

बार के गार्ड की भूमिका की भी जांच

Raipur Crime: पुलिस बार में तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच कर रही है। शराब बार से बाहर निकालकर ग्राहकों तक पहुंचाने में उसकी भूमिका थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गार्ड के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। मामले में पुलिस आबकारी विभाग को प्रतिवेदन भेजने की तैयारी कर रही है। इसमें प्लैटिनम बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की अनुशंसा की जाएगी। लाइसेंस पर अंतिम निर्णय आबकारी विभाग द्वारा लिया जाएगा।

 

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *