गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही [Nishanebaaz News]। Patwari Assaulted With Iron Rod GPM के तहत छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के दानिकुंडी क्षेत्र में शासकीय कार्य कर रहे एक पटवारी पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कार्यालय के भीतर घुसकर एक ग्रामीण युवक ने पटवारी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे पटवारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। इस वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हल्का नंबर 26 के पटवारी पर कार्यालय में हमला
मिली जानकारी के अनुसार, दानिकुंडी के हल्का नंबर 26 में पदस्थ पटवारी शुद्दू राम कोल अपने शासकीय कार्यालय में बैठकर रूटीन विभागीय कार्य निपटा रहे थे।
-
कहासुनी से शुरू हुआ विवाद: इसी दौरान आरोपी प्रकाश गोंड दफ्तर में दाखिल हुआ। किसी काम को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
-
रॉड से किया हमला: बहस इतनी उग्र हो गई कि आरोपी ने पास में रखी लोहे की भारी रॉड उठाकर सीधे पटवारी के सिर पर दे मारी। हमले के बाद पटवारी लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।
“3 साल से पैसे लेकर काम नहीं कर रहे थे” – आरोपी का दावा
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए और अब वायरल हो रहे वीडियो में आरोपी प्रकाश गोंड चिल्लाते हुए आरोप लगा रहा है कि पटवारी पिछले 3 साल से काम के एवज में पैसे लेने के बावजूद न तो उसका काम कर रहे थे और न ही पैसे वापस लौटा रहे थे।
वीडियो में दफ्तर के अन्य कर्मचारी व स्थानीय नागरिक बीच-बचाव करते और आरोपी को रोकते हुए नजर आ रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों व सहकर्मियों की मदद से घायल पटवारी शुद्दू राम कोल को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





