Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 4 विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 23 अगस्त 2026 की रात करीब 12:20 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा इलाके में हुई। यहां 23 वर्षीय भोला गोस्वामी का पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी आशीष यादव, घनश्याम ध्रुव, पिताम्बर निषाद और सागर यादव ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर भोला गोस्वामी पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद लोकेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 530/236 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 191(2) और 190 में मामला दर्ज किया गया।
## 12 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस उपायुक्त पश्चिम रायपुर रॉबिनसन गुड़िया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में डीडी नगर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य वजह बताया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।
Raipur Crime: गिरफ्तार आरोपी
01. आशीष यादव उर्फ देव कुमार यादव, पिता बबलू यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी श्रीराम नगर, चंगोराभाठा, संतराम साहू गली, थाना डीडी नगर, रायपुर।
02. पिताम्बर निषाद, पिता संतोष निषाद, उम्र 21 वर्ष, निवासी श्रीराम नगर, चंगोराभाठा, थाना डीडी नगर, रायपुर।
03. रवि ध्रुव उर्फ घनश्याम ध्रुव, पिता गिरीश ध्रुव, उम्र 18 वर्ष, निवासी श्रीराम नगर, चंगोराभाठा, चन्द्राकर किराना स्टोर्स के पास, डीडी नगर, रायपुर।
04. सागर यादव, पिता श्याम लाल यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 08, डाक बंगला, गरियाबंद।





