Thursday, August 20, 2026
Home Madhya Pradesh Maihar School Girls Crossing River: उफनती नदी के बीच जान जोखिम में...

Maihar School Girls Crossing River: उफनती नदी के बीच जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर छात्राएं, सामने आई दिल दहलाने वाली तस्वीर

मैहर/सतना [Nishanebaaz News]। मध्य प्रदेश के मैहर जिले अंतर्गत रामनगर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 14 स्थित करौदी गांव से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। बारिश का मौसम शुरू होते ही इस क्षेत्र के ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए मुसीबतें खड़ी हो जाती हैं। गांव के पास बहने वाली छोटी नदी बारिश के दिनों में उफान पर आ जाती है, लेकिन इसके बावजूद नदी पर अब तक पुल या मजबूत रपटा नहीं बन सका है।

छात्राओं का एक-दूसरे का हाथ थामे नदी पार करते वीडियो वायरल बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने इस समस्या की गंभीरता को उजागर कर दिया है। वीडियो में दो स्कूली छात्राएं उफनती नदी के तेज बहाव के बीच एक-दूसरे का हाथ थामकर कदम बढ़ाती दिखाई दे रही हैं। नदी में पानी का बहाव बेहद तेज है, लेकिन स्कूल पहुंचने का कोई अन्य सुरक्षित रास्ता न होने के कारण बच्चे अपनी जान जोखिम में डालने पर मजबूर हैं।

सर्वे के बाद भी नहीं बना पुल, अभिभावकों में हादसे का डर ग्रामीणों का कहना है कि करौदी क्षेत्र के दर्जनों बच्चों को हर दिन इसी खतरनाक नदी को पार करके स्कूल जाना पड़ता है। सामान्य दिनों में जलस्तर कम रहने से स्थिति संभाल ली जाती है, परंतु तेज बारिश के दौरान स्थिति काफी भयावह हो जाती है। अभिभावकों को हर पल यह डर सताता रहता है कि कहीं तेज बहाव में कोई अनहोनी न हो जाए।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा कई बार पुल निर्माण के लिए सर्वे कराया जा चुका है। हर बार ग्रामीणों को उम्मीद बंधती है कि जल्द पुल का निर्माण शुरू होगा, लेकिन सर्वे के बाद फाइलें ठंडे बस्ते में चली जाती हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पक्के पुल का निर्माण कराने की मांग की है ताकि बच्चों की शिक्षा और लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here