Wednesday, August 19, 2026
Home Chhattisgarh Gariaband Crime: ‘पुष्पा’ स्टाइल में टायरों के अंदर छिपाया गांजा, पुलिस ने...

Gariaband Crime: ‘पुष्पा’ स्टाइल में टायरों के अंदर छिपाया गांजा, पुलिस ने पकड़ी 75 लाख की खेप; 2 तस्कर गिरफ्तार

Gariaband Crime
Gariaband Crime

Gariaband Crime: गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत देवभोग पुलिस ने एक मेटाडोर से 151.50 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 75 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को मेटाडोर के छह टायरों के अंदर छिपा रखा था। हालांकि, पुलिस की जांच में उनकी यह चालाकी पकड़ी गई। मामले में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा ले जाने में इस्तेमाल मेटाडोर को भी जब्त कर लिया है।

चेक पोस्ट पर पकड़ी गई गांजे की खेप

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को देवभोग थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मेटाडोर में गांजा भरकर देवभोग की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध मेटाडोर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मेटाडोर के छह टायरों के अंदर छिपाकर रखा गया 151.50 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Gariaband Crime: मध्यप्रदेश और ओडिशा के तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी रोहित पांडेय और ओडिशा के कालाहांडी निवासी रमेश नायक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा करीब 20 लाख 25 हजार रुपये कीमत का मेटाडोर वाहन भी जब्त किया गया है। दोनों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(B)(ii)(C) और 27A के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।

8 महीने में 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त

गरियाबंद पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पिछले आठ महीनों में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान 44 मामले दर्ज कर 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने इस अवधि में कुल 1,080 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 17 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 32 वाहन भी जब्त किए गए हैं। इनमें 18 दोपहिया और 14 चारपहिया वाहन शामिल हैं।

सीमा क्षेत्र होने का फायदा उठाते हैं तस्कर

Gariaband Crime: पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, गरियाबंद जिला कई राज्यों की सीमा से लगा हुआ है। इसी वजह से तस्कर इस क्षेत्र का इस्तेमाल अवैध मादक पदार्थों के परिवहन के लिए करने की कोशिश करते हैं। रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर तस्करी रोकने के लिए ‘ऑपरेशन निश्चय’ चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से गांजा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here