भिलाई [Nishanebaaz News]Bhilai NH-53 CNG Tanker Gas Leak News। छत्तीसगढ़ के भिलाई में शनिवार रात एक बेहद खतरनाक और गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई। नेशनल हाईवे-53 (NH-53) पर डी-मार्ट के पास से गुजर रहे एक सीएनजी (CNG) टैंकर से अचानक जोरदार गैस लीकेज होने लगा। रात करीब 9 बजे हुई इस घटना के बाद हाईवे और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और हड़कंप का माहौल निर्मित हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भिलाई पुलिस, सीडीआरएफ (CDRF) और एनएचएआई (NHAI) की टीमें बिना किसी देरी के राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं। टीमों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके को अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।
पास में अस्पताल और मैरिज पैलेस होने से बढ़ी चिंता जिस जगह सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव हो रहा था, उसके बेहद करीब एक अस्पताल और मैरिज पैलेस स्थित है। रात का समय होने के कारण मैरिज पैलेस और आसपास के इलाकों में लोगों की मौजूदगी थी। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन और सुरक्षा टीमों ने एहतियातन सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया और आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।
यातायात रोका गया, सड़क पर लगा लंबा जाम गैस रिसाव के कारण किसी भी तरह की चिंगारी या अग्नि दुर्घटना के खतरे को टालने के लिए बाईपास पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से रोक दिया गया। इसके चलते नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सुरक्षा बलों और राहत टीमों की कड़ी मशक्कत के बाद लीकेज पर काबू पाया गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। स्थिति सामान्य होने के बाद ही यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।





