Khandwa NSUI Protest: खंडवा में कांग्रेस-NSUI का उग्र प्रदर्शन छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में चक्का जाम, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

Anuj Nirala

Khandwa NSUI Protest: खंडवा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध की गूंज अब मध्य प्रदेश के खंडवा तक पहुंच गई है। मंगलवार को कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) ने एसएन कॉलेज के सामने चक्का जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली लगातार विवादों में है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, छात्र-छात्राएं और एनएसयूआई कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

जंतर-मंतर की घटना के विरोध में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

Khandwa NSUI Protest: एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र केवल निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग कर रहे थे। ऐसे में प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने वाले छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई।

Indore Lokayukta Raid: 33 साल की नौकरी में 258% ज्यादा संपत्ति! बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री के 9 ठिकानों पर लोकायुक्त का बड़ा छापा

‘युवाओं के भविष्य की बात हो, मुद्दे भटकाए न जाएं’

प्रदर्शन में शामिल छात्रा पूजा शर्मा ने कहा कि देश को शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य जैसे वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को उन विषयों पर ध्यान देना होगा, जो आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़े हैं। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि शिक्षा और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए।

महिला कांग्रेस बोली- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद हो

Khandwa NSUI Protest: महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रचना तिवारी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रहे विवाद छात्रों के मनोबल को तोड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई प्रतियोगी परीक्षाएं विवादों में रही हैं और लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की उठी मांग

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई हो और दोषियों को कठोर सजा दी जाए। साथ ही छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की गई।

Khandwa News: खंडवा पहुंचीं DIG सिमाला प्रसाद, नशा मुक्ति अभियान में हुईं शामिल; बोलीं- जरूरी नहीं जनता थाने आए, पुलिस भी लोगों तक पहुंच रही है

देशभर में तेज हुई सियासी बहस

Khandwa NSUI Protest: दिल्ली में छात्रों के आंदोलन और उस पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक दल लगातार अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। इसी क्रम में खंडवा में कांग्रेस और एनएसयूआई ने प्रदर्शन कर छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। फिलहाल इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *