Ujjain Crime News: उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। झारड़ा थाना क्षेत्र के हरनियाखेड़ा गांव में एक दंपती के साथ कथित तौर पर भीड़ ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। महिला के बाल काट दिए गए, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और दंपती को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि आठ अन्य आरोपी फरार हैं।
तीन साल बाद गांव लौटने पर हुआ हमला
Ujjain Crime News: पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर की है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि 30 वर्षीय महिला की पहले हरनियाखेड़ा गांव में शादी हुई थी। करीब तीन साल पहले वह अपने पहले पति को छोड़कर गांव के ही दूसरे युवक के साथ रहने लगी थी और दोनों ने विवाह कर लिया था। इसके बाद से दंपती इंदौर में रह रहा था।
Ujjain Crime News: मंगलवार को जब दोनों गांव लौटे, तब महिला के पूर्व ससुर को इसकी जानकारी मिली। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उसने गांव के कुछ लोगों को इकट्ठा किया और दंपती के साथ मारपीट की।
महिला के साथ अमानवीय व्यवहार, बनाया वीडियो
Ujjain Crime News: आरोप है कि भीड़ ने महिला के बाल काट दिए, उसके कपड़े फाड़ दिए और दंपती को जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान कई लोग तमाशबीन बने रहे और मोबाइल फोन से घटना के वीडियो बनाते रहे।
पुलिस पहुंची तो भागने लगे आरोपी
Ujjain Crime News: सूचना मिलने के बाद झारड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सुमेरसिंह, बद्रीलाल और कचरू नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल फोन से घटना से जुड़े वीडियो भी हटवाए। हालांकि जांच के लिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
11 नामजद आरोपी, 8 की तलाश जारी
Ujjain Crime News: पुलिस ने इस मामले में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मारपीट, महिला की लज्जा भंग, आपराधिक धमकी, बलवा सहित अन्य गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि आठ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







