Vaibhav Sooryavanshi Team India: गौरी शंकर गुप्ता/नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपनी ताबड़तोड़ और बेखौफ बल्लेबाजी से सनसनी मचाने वाले 15 वर्षीय युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी को भारतीय सीनियर टीम में शामिल करने की मांग लगातार जोर पकड़ती जा रही है। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की ओर से खेलते हुए इस सीजन में रनों का पहाड़ खड़ा करने वाले सूर्यवंशी की प्रतिभा के अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद भी मुरीद हो गए हैं। आईपीएल का 19वां सीजन समाप्त होते ही प्रसाद ने चयनकर्ताओं को बड़ी सलाह देते हुए कहा कि इस असाधारण खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा इंतजार कराने का कोई मतलब नहीं है और उन्हें आगामी आयरलैंड दौरे के लिए सीधे भारतीय टीम में एंट्री मिलनी चाहिए।
72 छक्कों के नए रिकॉर्ड के साथ जीता ऑरेंज कैप गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स के इस युवा सलामी बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 के 16 मैचों में कुल 776 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा। इस ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने न केवल सबसे कम उम्र में ‘ऑरेंज कैप’ जीतने का गौरव हासिल किया, बल्कि पूरे सीजन में 72 गगनचुंबी छक्के जड़कर एक नया विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनके इसी आक्रामक अंदाज को देखते हुए एमएसके प्रसाद ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “वह केवल एक असाधारण प्रतिभा ही नहीं है, बल्कि इस समय टी20 क्रिकेट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शुमार है। उसे तुरंत भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया जाना चाहिए।”
इंडिया ‘ए’ के श्रीलंका दौरे से आयरलैंड सीरीज तक का रोडमैप पूर्व मुख्य चयनकर्ता ने वैभव के लिए एक स्पष्ट रोडमैप सुझाते हुए कहा कि वर्तमान में तय इंडिया ‘ए’ के श्रीलंका दौरे के तुरंत बाद उन्हें 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए चुना जाना चाहिए। प्रसाद ने पूरा भरोसा जताते हुए कहा, “मुझे विश्वास है कि वह श्रीलंका में इंडिया ‘ए’ की तरफ से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन करेगा। हालांकि, दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ हाई-प्रेशर आईपीएल मैच खेलना भारतीय टीम में जगह बनाने का सबसे बेहतरीन पैमाना है, और मुझे लगता है कि वर्तमान सिलेक्टर्स भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”
लक्ष्मण या द्रविड़ की देखरेख और तीनों फॉर्मेट खेलने की सलाह एमएसके प्रसाद ने वैभव सूर्यवंशी को केवल टी20 फॉर्मेट तक सीमित न रखने की सलाह दी है। उनका मानना है कि वैभव में लंबे फॉर्मेट (टेस्ट क्रिकेट) खेलने की भी अद्भुत काबिलियत है क्योंकि उनके पास खेल की गहरी समझ है। प्रसाद ने कहा कि शुरुआत टी20 से करते हुए अगले दो सालों तक उन पर बारीकी से नजर रखी जानी चाहिए और धीरे-धीरे उन्हें वनडे और टेस्ट प्रारूप में लाना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि इस नाजुक मोड़ पर वैभव के करियर को सही दिशा देना और उन्हें जमीन से जोड़े रखना (विनम्र बनाए रखना) बेहद जरूरी है। इसके लिए उन्हें कुछ समय तक वीवीएस लक्ष्मण या राहुल द्रविड़ जैसे महान और अनुभवी दिग्गजों के सीधे मार्गदर्शन में रखा जाना चाहिए।









