Purani Chawani Police : ग्वालियर। शहर की पुरानी छावनी पुलिस ने आईपीएल (IPL) क्रिकेट मैचों पर अवैध रूप से सट्टा खिलाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो एक कार के भीतर बैठकर ऑनलाइन लिंक के माध्यम से सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
सैनिक होटल के पास चल रहा था खेल पकड़े गए आरोपी पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के सैनिक होटल के बगल वाली गली में एक कार में बैठकर सट्टा खिला रहे थे। पुलिस ने जब दबिश दी, तो आरोपी दिल्ली कैपिटल्स (DC) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मैच पर लोगों से हार-जीत का दांव लगवा रहे थे। इनके पास से तीन एप्पल (Apple) और एक सैमसंग (Samsung) कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
लाखों का मिला हिसाब-किताब पुलिस द्वारा मोबाइल फोन की जांच करने पर उसमें लाखों रुपये के लेन-देन का कच्चा चिट्ठा मिला है। आरोपी एक खुली हुई ऑनलाइन लिंक का उपयोग कर रहे थे, जिसके जरिए वे बड़े पैमाने पर सट्टा ले रहे थे। पुलिस अब इन लिंक्स और सट्टे के इस कारोबार से जुड़े अन्य बड़े नेटवर्क की तलाश कर रही है।
आरोपियों की पहचान गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अभिषेक तोमर, करण तिवारी और आशीष यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ग्वालियर सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया कि आईपीएल के दौरान अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









