बिलासपुर में भीषण गर्मी का असर, दोपहर में बंद रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल

Rahul Goshwami

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिलासपुर पुलिस प्रशासन ने आमजन को राहत देने के लिए एक अहम निर्णय लिया है। शहर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने के बाद अब दोपहर के समय ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

12 बजे से 4 बजे तक बंद रहेंगे सिग्नल

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर 17 अप्रैल से यह व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत शहर के सभी प्रमुख चौराहों और ट्रैफिक सिग्नलों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों को सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा।

आम लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

पुलिस प्रशासन का कहना है कि तेज धूप और लू के कारण सिग्नल पर रुकना आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहा था। खासकर महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और बीमार लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में यह फैसला लोगों को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।
Read more : C.G Crime : दुर्ग में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा! म्यूल खातों के जरिए 1.88 करोड़ पार, 11 गिरफ्तार

ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष नजर

हालांकि सिग्नल बंद रहने के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी चौराहों पर तैनात रहेंगे। यातायात को नियंत्रित करने के लिए मैन्युअल व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।

बढ़ती गर्मी बना रही चुनौती

छत्तीसगढ़ में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर है और मौसम विभाग ने भी लू चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में प्रशासन लगातार राहत के उपाय कर रहा है, ताकि नागरिकों को गर्मी से होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके।

बिलासपुर पुलिस का यह कदम गर्मी के इस दौर में राहत देने वाला साबित हो सकता है। हालांकि, सिग्नल बंद रहने के दौरान लोगों को भी सतर्क रहकर ट्रैफिक नियमों का पालन करना जरूरी होगा, ताकि सड़क सुरक्षा बनी रहे।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *